शनिवार, 24 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

मनीषपुरी सड़क का काम पूरा करने के लिए फिर दिया 30 दिन का वक्त

धीमी गति से बनने वाली सड़क का रिकॉर्ड बनाएगी यह सड़क

मनीषपुरी सड़क का काम पूरा करने के लिए फिर दिया 30 दिन का वक्त

नगर निगम के द्वारा बनाई जा रही मनीषपुरी की सड़क को पूरा करने के लिए ठेकेदार को एक बार फिर 30 दिन का वक्त दे दिया गया है। ऐसा लगता है कि धीमी गति से सड़क निर्माण का रिकॉर्ड यह सड़क बना लेगी।

नगर निगम के द्वारा लापरवाही किए जाने के कारण शहर में कई स्थानों पर सड़क के निर्माण के काम तो शुरू हो गए हैं लेकिन यह काम तेज गति के साथ नहीं हो रहे हैं। इन सभी स्थानों पर काम की गति इतनी ज्यादा धीमी है कि नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों की इस स्थिति से ना तो नगर निगम के अधिकारियों को कोई मतलब है और ना ही नगर निगम से जुड़े हुए जनप्रतिनिधियों को कोई सरोकार है। इस स्थिति के बीच में आज सुबह महापौर के द्वारा मनीषपुरी सड़क का दौरा किया गया। मनीषपुरी से लेकर रिंग रोड को जोड़ने वाली इस सड़क का काम पिछले कई सालों से धीमी गति के साथ चल रहा है। हर बार नगर निगम के द्वारा इस सड़क के काम को पूरा करने के लिए एक डेट लाइन दी जाती है। उस डेट लाइन तक काम पूरा नहीं होता है। फिर कभी कोई दौरा करता है और नई डेट लाइन दे देता है। ऐसी स्थिति इस सड़क के साथ लगातार बन रही है। ऐसे में आज एक बार फिर जब महापौर दौरा करने के लिए पहुंचे तो उन्होंने फिर से इस सड़क का काम पूरा करने के लिए एक महीने का वक्त दे दिया। होना तो यह चाहिए था कि इतनी धीमी गति से काम करने के कारण ठेकेदार का ठेका निरस्त कर दिया जाता या फिर उसे ब्लैक लिस्ट कर दिया जाता और उस पर कुछ लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया जाता। ऐसा कुछ भी नहीं करते हुए एक बार फिर समय देकर अपने कर्तव्य को पूरा कर लिया गया। क्षेत्र के नागरिक इस सड़क के निर्माण की निरंतरता से परेशान हो गए हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 October 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 24 October 2026, पृष्ठ 4