शहर के होलसेल कपड़ा बाजार के पूर्व अध्यक्ष और कई संस्थाओं में विभिन्न पदों पर रह चुके हंसराज जैन का बीती रात निधन हो गया। वे अस्पताल में इलाजरत थे। शोक स्वरूप आज कपड़ा मार्केट और न्यू क्लॉथ मार्केट दोनों बंद हैं।
श्रीमंत महाराज तुकोजीराव क्लॉथ मार्केट मर्चेंट एसोसिएशन के करीब 50 वर्षों तक पदाधिकारी रहे हंसराज जैन ने बीती रात अंतिम सांस ली। उन्हें कपड़ा मार्केट की बुलंद आवाज के रूप में पहचाना जाता था। कुछ माह पूर्व ही क्लॉथ मार्केट में चुनाव हुए थे। पांच दशकों में यह पहली बार था, जब जैन ने चुनाव में नामांकन दाखिल नहीं किया था।
वे न्यू क्लॉथ मार्केट के मैनेजिंग डायरेक्टर और क्लॉथ मार्केट बैंक के संचालक भी थे। कपड़ा मार्केट के स्कूल और अस्पताल सहित कई संस्थाओं में वे पदाधिकारी थे। श्वेतांबर जैन समाज की कई संस्थाओं से भी वे जुड़े थे। इसके अलावा वे गौशाला के भी पदाधिकारी थे। उन्हें कोई उस्ताद तो कोई हंसू भैया के नाम से पुकारता था। उनके कार्यकाल में कपड़ा मार्केट में कई नवाचार भी हुए।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले जैन की भतीजी का विवाह समारोह था, जहां उन्होंने कई लोगों से मुलाकात की थी। विवाह समारोह के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था।
जीवित रहते ही लिया था देहदान का संकल्प
जैन ने जीवित रहते ही तय कर लिया था कि अंतिम विदाई के बाद परिजन उनकी देह का दान करें। उनकी इसी इच्छा के अनुरूप आज परिजन जिला प्रशासन के सहयोग से देहदान कर रहे हैं। इससे पहले उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जा रहा है।
आज सुबह जब जैन के निधन की खबर कपड़ा व्यापारियों, जैन समाजजनों और लोधीपुरा के रहवासियों को मिली, तो सभी गमगीन हो गए। क्लॉथ मार्केट के मंत्री कैलाश मूंगड़, निर्मल सेठी, अरुण बाकलीवाल, मुकेश थावरानी, शेलू पोरवाल, अक्षय जैन और लोधीपुरा रहवासी संघ से नीलेश नीमा सहित अन्य ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।





