ठंड के इस मौसम में अब धीरे-धीरे ठंड दस्तक देने लगी है। कल की रात इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही है। इस रात में न्यूनतम तापमान गिरकर 10.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रात के समय पर सड़क पर निकले लोगों को इस ठंड का एहसास बहुत बेहतर तरीके से हो रहा था। ठंड के मौसम के शुरुआती दिनों में तो इस बात का एहसास ही नहीं हो पा रहा था कि ठंड का मौसम भी आ गया है। हर दिन इतनी गर्मी लग रही थी कि लोगों को बैठने और सोने के लिए पंखा कूलर चलाना पड़ रहा था। इसी बीच धीरे-धीरे मौसम ने करवट बदलनी शुरू की। अब मौसम का परिवर्तन तेज गति के साथ शुरू हो गया है। कल इंदौर का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य तापमान से चार डिग्री सेल्सियस कम है। इस मौसम में यह पहला मौका है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। अब तक इंदौर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही चलता रहा है। इसके साथ ही 22 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चल रही थी। इसके पूर्व के दिनों में इंदौर में हवा की रफ्तार 9 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक बनी हुई थी। इस हवा की रफ्तार के बढ़ जाने से भी ठंड का अहसास बढ़ जाता है।
मौसम का यह मिजाज अब आने वाले दिनों में भी बने रहने के आसार नजर आ रहे हैं। आज सुबह 8:30 बजे इंदौर शहर का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था। पिछले कुछ दिनों से यह तापमान लगातार 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहा है। इस तरह से इस तापमान में भी गिरावट आ गई है। इसके साथ ही आज सुबह के समय पर करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चल रही थी। यह हवा भी ठंड का एहसास करवाने वाली थी।
स्कूल जाने वाले बच्चे हुए परेशान
जिन बच्चों के स्कूल सुबह 7 और 8 बजे से लगते हैं, उन्हें स्कूल जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज ठंड के कारण सुबह जल्दी उठना बच्चों के लिए मुश्किल हो रहा है। जैसे-तैसे जगाने के बाद भी बच्चे स्कूल जाने के लिए तैयार होने से इनकार करते हैं। ऐसे में अभिभावकों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है, तब जाकर वे बच्चों को इस ठंड में तैयार कर स्कूल भेज पाते हैं। जिला प्रशासन को चाहिए कि ठंड का प्रभाव बढ़ने को देखते हुए कम से कम स्कूल के समय में परिवर्तन की पहल करे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 20 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



