रविवार, 22 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

छोटी दिवाली की बड़ी लपटें: इंदौर में आतिशबाजी से 17 जगह आग

छोटी दिवाली (देवउठनी ग्यारस) की रात आतिशबाजी के बीच इंदौर में 17 जगह आग लगी। महूनाका और मल्हारगंज में दुकानें, कुम्हारखाड़ी में स्कूल और मूसाखेड़ी में कार आग की चपेट में आई। कोई जनहानि नहीं हुई।

छोटी दिवाली की बड़ी लपटें: इंदौर में आतिशबाजी से 17 जगह आग
छोटी दिवाली की बड़ी लपटें: इंदौर में आतिशबाजी से 17 जगह आग (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

महूनाका-मल्हारगंज में दुकानें चपेट में, कुम्हारखाड़ी में स्कूल और मूसाखेड़ी में कार जली; गनीमत रही कोई जनहानि नहीं

इंदौर (सिटी ब्लास्ट प्रतिनिधि)। देवउठनी ग्यारस यानी छोटी दिवाली की रात शहर में जमकर हुई आतिशबाजी के बीच आग लगने की 17 घटनाएं सामने आईं। रातभर अलग-अलग इलाकों से आग की सूचनाएं मिलने पर फायर ब्रिगेड की दमकलों को दौड़ लगानी पड़ी। महूनाका में एक फर्नीचर की दुकान में लगी आग ने बगल की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जबकि मल्हारगंज में एक स्पोर्ट्स की दुकान आग से प्रभावित हुई। गनीमत रही कि इन सभी घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

महूनाका: फर्नीचर दुकान से बगल की दुकान तक फैली आग

फायर ब्रिगेड के अनुसार, महूनाका क्षेत्र में मुन्नीबाई पति मांगीलाल वर्मा की फर्नीचर दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची। दुकान घनी बस्ती के बीच होने से आग फैलने का खतरा बना हुआ था और आसपास के रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद लगभग 10 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में पास की दुकान को भी नुकसान पहुंचा।

महूनाका में फर्नीचर दुकान में लगी आग (फोटो: सिटी ब्लास्ट)
महूनाका में फर्नीचर दुकान में लगी आग (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

मल्हारगंज: स्पोर्ट्स दुकान में भड़की आग

दूसरी ओर, मल्हारगंज थाना क्षेत्र में राहुल जैन की स्पोर्ट्स दुकान में आग भड़क उठी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे तक मशक्कत की और 10 हजार लीटर पानी की मदद से आग बुझाई।

मल्हारगंज में स्पोर्ट्स दुकान में लगी आग (फोटो: सिटी ब्लास्ट)
मल्हारगंज में स्पोर्ट्स दुकान में लगी आग (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

कुम्हारखाड़ी में स्कूल, मूसाखेड़ी में कार जली

कुम्हारखाड़ी के एमकेवीवी स्कूल में भी आगजनी की घटना हुई।

कुम्हारखाड़ी के एमकेवीवी स्कूल में आगजनी (फोटो: सिटी ब्लास्ट)
कुम्हारखाड़ी के एमकेवीवी स्कूल में आगजनी (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

इसके अलावा मूसाखेड़ी के मयूर नगर स्थित गली नंबर 13 में घर के बाहर खड़ी कार में रात करीब 2.30 बजे आग लग गई।

मूसाखेड़ी के मयूर नगर में घर के बाहर खड़ी कार में आग (फोटो: सिटी ब्लास्ट)
मूसाखेड़ी के मयूर नगर में घर के बाहर खड़ी कार में आग (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

दमकल विभाग ने बताया कि रातभर मिली ज्यादातर सूचनाएं कचरे और सूखी सामग्री में आग लगने से जुड़ी थीं। आतिशबाजी के दौरान उठी चिंगारियों के कारण कचरे में आग भड़कने की कई घटनाएं हुईं, जिन्हें बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमें रातभर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहीं। कुल मिलाकर कल छोटी दिवाली पर हुई आतिशबाजी के कारण शहर में 17 जगहों पर छोटी-बड़ी आगजनी की घटनाएं हुईं।