विधानसभा 5 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 50 से जुड़े स्कीम 140 क्षेत्र में इंदौर विकास प्राधिकरण की सबसे पुरानी कॉलोनी के पीछे आकर्षक रंगीन पेवर ब्लॉक लगाकर सौंदर्यीकरण के कार्य कर नवीन फुटपाथ का निर्माण किया जा रहा है। जिसका फायदा इस क्षेत्र में चाट चौपाटी की दुकानें लगाने वाले व्यापारियों को मिलेगा। वहीं हर सोमवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार लगाने वाले दुकानदारों को भी इसका फायदा मिलेगा। गौरतलब है पिपलियाहाना क्षेत्र में साप्ताहिक हाट बाजार लगाने वाले व्यापारी सर्विस रोड पर कब्जा जमा कर रोड के आसपास दुकानें लगाकर बैठते हैं जिसके कारण यहां हमेशा जाम लगता है। इसलिए विधायक महेंद्र हार्डिया और क्षेत्रीय पार्षद राजीव जैन के प्रयासों से निगम द्वारा लंबे समय से खाली पड़ी जमीन पर हॉकर्स जोन का निर्माण कर लोगों को सुविधा देने की प्लानिंग पर काम शुरू कर दिया है।
नए हॉकर्स जोन के बनने से जाम से भी मिलेगी राहत
खास बात यह है कि पिपलियाहाना क्षेत्र में स्कीम 140 कॉलोनी के पीछे आईडीए की खाली पड़ी जमीन पर क्षेत्र के रहवासी और व्यापारियों की मांग पर आए दिन लगने वाले जाम से राहत के लिए नवीन हॉकर्स जोन का निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है ताकि यहां सोमवार को लगने वाला साप्ताहिक हाट बाजार भी लग सकें। साथ ही रात में चाट चौपाटी भी लग जाए ताकि आसपास के लोगों का रोजगार भी चलता रहे। जिससे न सड़क पर जाम लगेगा और न कोई परेशानी होगी। जिसका वर्तमान में नया फुटपाथ ब्लॉक लगाकर तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य सौंदर्यीकरण के कामों के साथ पार्किंग की सुविधा के लिए भी काम चल रहा है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 24 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





