परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। अपने मामा के साथ हुई पुरानी बात का बदला लेने की नीयत से आरोपी ने युवक के पेट में चाकू मार दिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
परदेशीपुरा पुलिस के अनुसार, घटना में कृष्णा उर्फ आदित्य वराट गंभीर रूप से घायल हुआ है। पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी सार्थक पंवार निवासी नई जीवन की फेल ने अपने मामा को मारने या विवाद करने की बात को लेकर कृष्णा से बहस शुरू की। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि सार्थक ने जान से मारने की नीयत से चाकू निकालकर कृष्णा के पेट में घोंप दिया। हमले में कृष्णा के पेट में गंभीर चोट लगने से लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। घायल कृष्णा को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। परदेशीपुरा थाना पुलिस ने आरोपी सार्थक पंवार के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 23 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



