पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता द्वारा निकाली गई चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्तियों शामिल हुई। प्रदेश के मुखिया यात्रा में साथ तो नहीं चले लेकिन उन्होंने यात्रा को बड़ा गणपति से रवाना करवाया। प्रदेश संगठन के मुखिया हेमंत खंडेलवाल भी इस दौरान साथ थे। ग्वालियर हादसे को ध्यान में रखते हुए सीएम ने यात्रा में स्वागत से दूरी बनाई और केवल बड़ा गणपति पर शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई विधायक और संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे। ग्वालियर में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने अंतिम समय में यात्रा में स्वागत करवाने और यात्रा में साथ चलने का निर्णय बदल लिया। दरअसल मुख्यमंत्री यहां पूर्व निर्धारित समय से देर से पहुंचे थे। पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने भीड़ के लिए सुबह से ही बसें अलग-अलग
क्षेत्रों में भिजवा दी थी और बसें भरकर बड़ा गणपति आई थी। कुछ बसें जाम में भी फंसी थी और देरी से आई थी। यात्रा में भीड़ निर्धारित समय से देरी से बढ़ी। अभी वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र के जो पार्षद है उनमें ज्यादातर टिकिट सुदर्शन गुप्ता के कारण ही मिले। इन पार्षदों में से कुछ ने अपनी भूमिका अच्छे से इस आयोजन में निभाई। बताया तो यह भी गया कि कई भाजपाई जो वर्तमान विधायक कैलाश विजयवर्गीय के गुट से जुड़े हैं उन्होंने भीड़ के साथ पहुंचने के बजाए अकेला पहुंचना उचित समझा।
पार्षदों ने अदा किया टिकट का कर्ज
विधानसभा 1 में भले ही विधायक मंत्री कैलाश विजयवर्गीय है, लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले हुए निकाय चुनाव के दौरान पार्षदों को टिकट बांटने में सुदर्शन गुप्ता की अहम भूमिका थी। यही कारण है कि गुप्ता की ट्यूनिंग क्षेत्र के कई पार्षदों से अच्छी है। इसलिए पार्षदों ने भी कल यात्रा में भीड़ लाकर अपने नेता का खाया राजनीतिक नमक का कर्ज अदा कर दिया।
गाड़ी में नहीं आए बड़े नेता तो हो गई पार्षदों की चांदी


यात्रा में 3 खुले वाहन शामिल थे। एक बड़ा फूलों से सजा वाहन भी था, इसी वाहन में मुख्यमंत्री सहित अन्य नेता सवार होने वाले थे। लेकिन ग्वालियर में हुए हादसे के बाद सीएम ने स्वागत, सत्कार से दूरी बना ली और वे इस सजे वाहन में चढ़े और उतर गए। इसके बाद इस वाहन में सुदर्शन गुप्ता और पार्षद संध्या यादव, अश्विन शुक्ल, निरंजनसिंह चौहान, शिखा दुबे सवार हुए। कुल मिलाकर सीएम के यात्रा के साथ नहीं चलने से पार्षदों की चांदी हो गई और वे स्वागत सत्कार में गुप्ता के सारथी बन गए।
एक ही कार से रवाना हुए ताई-भाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जारी कार्यक्रम के अनुसार उन्हें कल सुबह 11.10 बजे बड़ा गणपति से चुनरी यात्रा में शामिल होना था। इसके लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन निर्धारित समय पर बड़ा गणपति चौराहे पर बने मंच पर पहुंच गए। मंत्री विजयवर्गीय पहले पहुंचे, जहां उन्होंने पहले बड़ा गणपति मंदिर में दर्शन किए उसके बाद मंदिर के पुजारी के निवास पर गए। इसके बाद वे मंच पर पहुंच गए। कुछ ही मिनट में वहां ताई भी पहुंच गई। मंच पर ताई और भाई समीप ही बैठे और चर्चा करते नजर आए। इसके बाद जब उन्हें जानकारी मिली कि कार्यक्रम में देरी से पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोनों भी रवाना हो गए। मंत्री विजयवर्गीय भी ताई की कार में उनके साथ बैठ रवाना हुए। बताया जा रहा है दोनों लालबाग में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे।
चुनरी यात्रा एक झलक
- यात्रा में कई मंच लगे।
- एरोड्रम थाने के सामने वाले मंच का बिगड़ा जायका, यहां नेता नहीं थे।
- यात्रा जब विमानतल पहुंची, तभी सीएम का काफिला भी पहुंच गया।
- गुप्ता के कई साथी लंबे समय बाद आए नजर।
कुछ ने चेहरा बचाकर यात्रा को अपने से अलग किया। इधर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्यमंत्री के आने के पहले पहुंचने और मुख्यमंत्री के रहने के दौरान मौजूद नहीं रहने को लेकर भी चर्चा का दौर बना। कुल मिलाकर एक गेप के बाद पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता की चुनरी यात्रा फिर राजनीतिक रूप से ताकत के साथ निकाली गई। सभी जानते हैं कि करीब सवा दो साल बाद विधानसभा चुनाव होना है और सुदर्शन गुप्ता इसी विधानसभा से दावेदार भी है। बिजासन जब यह चुनरी यात्रा पहुंची तो वहां माँ बिजासन को चुनरी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ सुदर्शन गुप्ता, मालिनी गौड़, आकाश विजयवर्गीय सहित बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने अर्पण की।
अग्रवाल समाजजनों ने किया मंच से स्वागत

पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने बड़ा गणपति से माँ बिजासन तक चुनरी यात्रा निकाली तो रास्ते में अग्रवाल समाज और भाजपा से जुड़े रजत गर्ग ने भी मंच लगवाया और चुनरी के साथ माता भक्तों का स्वागत किया। इस दौरान राजेश बंसल, सुभाष तोड़ीवाला, राजेन्द्र अग्रवाल, अंकुर पाटनी, संजय तोड़ीवाला, संदीप ऐरन, सिद्धार्थ गुप्ता, शुभम गुप्ता, हर्ष नीमा, गौतम मोदी सहित अन्य मौजूद थे।
मुस्लिम समाजजनों ने भी दिखाई आस्था

भाजपा से जुड़े भाजपा नेताओं ने चुनरी यात्रा मार्ग पर मंच लगाकर चुनरी और भाजपाइयों व श्रद्धालुओं का स्वागत किया। जिला वक्फ कमेटी ने मंच लगाया, जिस पर रेहान शेख, साजिद रॉयल, इस्माइल खान, शकीरा, मुन्ना, गोलू शेख मौजूद थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 19 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





