इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र के बाबा की बाग इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक जीजा द्वारा अपने ही साले पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी अपनी पत्नी को विदा कराकर साथ ले जाने की बात पर भड़क गया था और गाली-गलौज करने लगा। जब साले ने अपनी बहन को गाली देने से मना किया, तो आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। खजराना थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार फरियादी गुलशन खान निवासी बाबा की बाग, खजराना ने थाने पहुंचकर आरोपी अरहान अली निवासी खंडवा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी अरहान अली उसका जीजा है। घटना के वक्त गुलशन ने अरहान से कहा कि वह अपनी पत्नी को यहां से अपने साथ वापस लेकर जाए। इतनी सी बात सुनते ही आरोपी अरहान अली आपा खो बैठा और गालियां देने लगा। इसी दौरान गाली-गलौज की आवाज सुनकर फरियादी का छोटा भाई शमशेर खान भी वहां पहुंच गया। शमशेर ने जब अपने जीजा अरहान अली को बीच- बचाव करते हुए टोका और कहा कि वह उसकी बहन को गालियां क्यों दे रहा है, तो आरोपी और ज्यादा तैश में आ गया। आरोपी अरहान ने तुरंत अपने पास छिपाकर रखा हुआ धारदार चाकू निकाला और शमशेर खान पर हमला कर दिया। आरोपी ने शमशेर की कमर के पास पीछे पीठ पर चाकू से वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



