मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

शोर पर भड़का पड़ोसी, अधेड़ से मारपीट कर तानी एयर पिस्टल

इंदौर। कनाड़िया क्षेत्र के बिचौली मर्दाना स्थित मिलन ड्रीम्स श्रीजी वैली में एक फ्लैट में चल रहे फर्नीचर के काम को लेकर दो पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष होते-होते बचा।…

इंदौर। कनाड़िया क्षेत्र के बिचौली मर्दाना स्थित मिलन ड्रीम्स श्रीजी वैली में एक फ्लैट में चल रहे फर्नीचर के काम को लेकर दो पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष होते-होते बचा। मशीनों की तेज आवाज और गंदगी से नाराज एक आरोपी ने न केवल पड़ोसी के साथ गाली-गलौज कर झूमाझटकी की, बल्कि अपने घर से एयर पिस्टल निकालकर पीड़ित पर तान दी। आरोपी ने पिस्टल की नोंक पर जान से मारने की धमकी भी दी। कनाड़िया थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कनाड़िया पुलिस के अनुसार, फरियादी चंदन पिता मूलचंद राय की रिपोर्ट पर आरोपी अनुरूप राणे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। फरियादी चंदन ने पुलिस को बताया कि यह पूरा विवाद उनकी भतीजी संगम राय के फ्लैट के बाहर हुआ, जहाँ इन दिनों इंटीरियर और फर्नीचर का काम चल रहा है। फरियादी के मुताबिक, काम के दौरान होने वाली आवाज को लेकर आरोपी अनुरूप राणे अचानक भतीजी के फ्लैट पर पहुँचा और गालियां देते हुए तुरंत काम बंद करने को कहा। आरोपी का कहना था कि काम की वजह से बाहर गैलरी में गंदगी हो रही है और मशीनों की तेज आवाज से परेशानी आ रही है। इस पर जब चंदन ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया और कहा कि एक-दो दिन में काम पूरा हो जाएगा और वे पूरी सफाई भी करवा देंगे, तो आरोपी और ज्यादा भड़क गया। आरोपी अनुरूप राणे ने तैश में आकर चंदन को धमकाया और कहा कि रुक, अभी तुझे बताता हूँ। इसके बाद वह दौड़कर अपने फ्लैट के भीतर गया और वहाँ से एक एयर पिस्टल उठाकर ले आया। आरोपी ने पिस्टल सीधे चंदन पर तान दी और बोला कि 'तू कौन है, कहाँ रहता है, निकल यहाँ से, नहीं तो जान से मार दूँगा।' इस दौरान आरोपी ने पीड़ित के साथ जमकर झूमाझटकी और मारपीट भी की। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए तो आरोपी धमकी देता हुआ चला गया।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें