मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

इंस्टाग्राम प्रेंड ने शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म

वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी पर केस दर्ज

इंदौर। तिलक नगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवती को झांसे में लेकर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का मामला सामने आया है। आरोपी ने दोस्त के जन्मदिन के बहाने युवती को अपने कमरे पर बुलाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती का अश्लील वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार शोषण करता रहा। पीड़िता की शिकायत पर तिलक नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपी शशांक प्रताप सिंह पिता संदीप कुमार निवासी वर्ल्ड कप चौराहा के पास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि उसकी आरोपी शशांक से दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जिसके बाद दोनों में जान-पहचान बढ़ी और वे साथ घूमने जाने लगे। बीते दिनों आरोपी शशांक ने अपने दोस्त का जन्मदिन होने का बहाना बनाकर युवती को अपने कमरे पर बुलाया। वहां दोनों ने खाना खाया, जिसके बाद आरोपी ने पीड़िता को शादी करने का लालच दिया और उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। वारदात के दौरान आरोपी ने चुपके से पीड़िता का वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी शशांक अश्लील वीडियो को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगा और कई बार उसके साथ देह शोषण किया। जब पीड़िता ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकियां देने लगा। आरोपी के धोखे और प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने तिलक नगर पुलिस की शरण ली।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें