इंदौर। संयोगितागंज थाना क्षेत्र में उषागंज छावनी स्थित बॉम्बे बेकरी के पास हुई इस वारदात में दो नाबालिग आरोपियों ने एक किशोर पर उस समय प्राणघातक हमला कर दिया, जब वह अपने दोस्त को परेशान न करने की समझाइश देने गया था।
बदमाशों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए उस पर चाकू से वार कर दिए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। संयोगितागंज थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दोनों नाबालिग आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार,पारसी मोहल्ला छावनी निवासी 17 वर्षीय फरियादी कुणाल रायकवार पिता प्रवीण रायकवार ने अस्पताल से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित कुणाल ने पुलिस को बताया कि आरोपी दोनों नाबालिग लड़के पिछले कुछ समय से उसके एक दोस्त को बेवजह परेशान और प्रताड़ित कर रहे थे। इसी बात को लेकर कुणाल दोनों आरोपियों को समझाने और विवाद शांत कराने के उद्देश्य से बॉम्बे बेकरी के पास पहुंचा था। वहां समझाइश देने के दौरान दोनों आरोपी अचानक आक्रोशित हो गए और कुणाल को गालियां देने लगे। जब कुणाल ने गाली देने का विरोध किया, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से अपने पास रखा धारदार चाकू निकाला और उस पर प्राणघातक हमला कर दिया। चाकू के वार लगने से कुणाल लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। आस-पास के लोगों ने तुरंत घायल कुणाल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



