मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
धर्म

घर के बाहर हो रहे विवाद में बीचबचाव करने पहुंचे युवक को चाकू मारा

इंदौर। सदर बाजार थाना क्षेत्र के गाडराखेड़ी इलाके में बीती रात पड़ोस में हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुँचे एक युवक पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया।…

इंदौर। सदर बाजार थाना क्षेत्र के गाडराखेड़ी इलाके में बीती रात पड़ोस में हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुँचे एक युवक पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने हमारे बीच बोलने वाले तुम कौन होते हो कहते हुए युवक के पेट में चाकू घोंप दिया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। सदर बाजार पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इस चाकूबाजी की वारदात में धर्मेंद्र टिकलीया निवासी गाडराखेड़ी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। धर्मेंद्र की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी रजत मिश्रा निवासी ब्रह्मबाग कॉलोनी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। फरियादी धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि वे रात में अपने घर पर थे, तभी बाहर से शोर-शराबा सुनाई दिया। उन्होंने बाहर आकर देखा कि आरोपी रजत मिश्रा का किसी अन्य लड़के के साथ विवाद हो रहा था और दोनों आपस में झगड़ रहे थे। धर्मेंद्र ने पड़ोसी होने के नाते विवाद शांत कराने और दोनों में बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इस बात पर आरोपी रजत बुरी तरह भड़क गया और धर्मेंद्र को ही गालियां देने लगा। आरोपी ने चिल्लाते हुए कहा कि ‘हमारे बीच आने वाले तुम कौन होते हो।' जब धर्मेंद्र ने उसे गाली देने से मना किया, तो आरोपी रजत ने तैश में आकर अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और सीधे धर्मेंद्र के पेट में घोंप दिया। चाकू लगते ही धर्मेंद्र लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। हमले के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह धर्मेंद्र को जमीन पर पड़ा देख धमकाते हुए बोला कि ‘आज तो तू बच गया, आइंदा हमारे बीच में आया तो जान से खत्म कर दूँगा।' इसके बाद आरोपी चाकू लहराता हुआ मौके से भाग निकला।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें