शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

सम्भागायुक्त कार्यालय पर किया जाएगा प्रदर्शन

इंडिया गठबंधन की बैठक में लिया निर्णय

सम्भागायुक्त कार्यालय पर किया जाएगा प्रदर्शन

इंडिया गठबंधन से जुडे राजनीतिक दल, ट्रेड यूनियन और अलग-अलग जनसंगठनों ने एसआईआर में कथित गड़बड़ियों के विरोध और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर बैठक आयोजित की। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 अक्टूबर को संभागायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की जाएगी। साथ ही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियों पर विरोध भी जताया जाएगा। चुनाव आयुक्त के पोस्टर की होली जलाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि 23 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे सभी संबंधित संगठनों के कार्यकर्ता गांधी हॉल में एकत्रित होंगे। यहां से जुलूस के रूप में संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के माध्यम से एसआईआर में कथित अनियमितताओं, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इन मुद्दों को लेकर आने वाले दिनों में इंदौर में व्यापक जन अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न राजनीतिक दलों, किसान संगठनों, ट्रेड यूनियनों और जन संगठनों के कार्यकर्ताओं को एकजुट कर आंदोलन को व्यापक बनाने का प्रयास किया जाएगा। प्रदर्शन में किसान मोर्चा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, इंटक, एटक, सीटू तथा विभिन्न किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। बैठक में प्रमुख रूप से श्यामसुंदर यादव, कैलाश लिंबोदिया, सी.एल.सर्रावत, रामस्वरूप मंत्री, रुद्रपाल यादव, हरिओम सूर्यवंशी, जितेन्द्र सिंह ठाकुर, राजेंद्र यादव, अजय बागी, बटेश्वर नाथ सिंह, सचिन सोनी, भागीरथ कछवाय सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 23 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 2