शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

कांग्रेस ने लिखा मुख्य निर्वाचन आयोग को पत्र

निर्वाचन बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति और अव्यवस्था के बारे में शिकायत

शहर कांग्रेस के संगठन महामंत्री संजय बाकलीवाल ने कल निर्वाचन कार्यालय में हुई बैठक में 9 में से 6 रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की अनुपस्थिति और 3 अधिकारियों के देरी से पहुंचने के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त नई दिल्ली को पत्र भेजा, जिसमें शिकायत की गई किर इंदौर कलेक्टर कार्यालय में निर्वाचन बैठक बुलाई गई थी, जिसमें 9 में से 6 अधिकारी नहीं पहुंचे थे और तीन अधिकारी भी आधा घंटा देरी के बाद पहुंचे थे। बैठक में प्रशासनिक अव्यवस्था भी नजर आई, जबकि बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं निर्वाचन व्यवस्थापन से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा होनी थी। अधिकारियों की अनुपस्थिति और देरी की वजह से बैठक का उद्देश्य पूरी तरह विफल रहा, जबकि कई दलों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद थे, जिन्होंने असंतोष जताया। बाकलीवाल ने पत्र में लिखा कि निर्वाचन जैसे संवैधानिक एवं महत्वपूर्ण कार्य में इस प्रकार की लापरवाही न केवल प्रशासनिक ढिलाई को दर्शाती है, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की गरिमा को भी ठेस पहुँचाती है। इंदौर कलेक्टर कार्यालय की इस बैठक में अनुपस्थित रहने वाले संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इंदौर में निर्वाचन संबंधी बैठकों एवं प्रक्रियाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने हेतु संबंधितों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। बाकलीवाल ने एक अन्य पत्र में लिखा कि इंदौर जिले में निर्वाचन की प्रक्रिया के निष्पादन में घोर उपेक्षा और लापरवाही बरती जा रही है और अधिकारी इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और प्रतिनिधियों के प्रश्न का उत्तर भी नहीं दे रहे हैं। पारदर्शी मानकों का पालन भी नहीं किया जा रहा है और निर्वाचन के निर्देशों का पालन भी ठीक से नहीं हो रहा है, निर्वाचन कार्यों में उदीसनता बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाए। उक्त पूर्ण जानकारी संजय बाकलीवाल द्वारा दी गई।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 23 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 3