मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

यूनानी, आयुर्वेद व होम्योपैथी मेडिकल ऑफिसर भर्ती परीक्षा उलझी

इस साल आवेदन भी नहीं, परीक्षा भी अब अगले साल मार्च से पहले नहीं

एमपी पीएससी(मध्य प्रदेश लोकसेवा आयोग) की यूनानी, आयुर्वेद तथा होम्योपैथी मेडिकल ऑफिसर भर्ती परीक्षा उलझ गई है। इस साल एग्जाम तो दूर आवेदन भी नहीं हो पाएंगे। एग्जाम तो अगले साल मार्च में भी मुश्किल है। पात्रता से जुड़े विवाद के कोर्ट पहुंचने के बाद आयोग ने पूरी प्रक्रिया रोक रखी है। करीब 7 माह पहले विज्ञापन जारी हुए थे और परीक्षा की तारीखें भी घोषित हो चुकी थीं। तीनों परीक्षाओं में कुल 194 पदों पर भर्ती की जाना है। अधिसूचना के अनुसार इसी साल परीक्षा, इंटरव्यू और चयन सूची जारी की जाना थी। पीएससी का कहना है कि जल्द स्थिति स्पष्ट होगी। लेकिन यह संभव नहीं लग रहा है। यदि इस माह के अंत तक निर्णय नहीं हुआ तो परीक्षा 6 माह बाद ही हो पाएगी। फिलहाल यह भी तय नहीं है कि प्रक्रिया दोबारा शुरू होने के बाद परीक्षा होगी या सीधे इंटरव्यू की व्यवस्था की जाएगी।

संविदाकर्मियों को कोर्ट से राहत, नई लिंक खोलना बाकी—

पीएससी एक बार मार्च-अप्रैल में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर चुका है, लेकिन कुछ अभ्यर्थी जिन्हें पात्र नहीं माना गया था, वे कोर्ट पहुंचे थे। इनमें कुछ संविदाकर्मी भी शामिल थे, जिन्हें कोर्ट से राहत मिल गई। यह भी माना जा रहा था कि इनके लिए लिंक जल्द ओपन हो जाएगी, लेकिन अभी तक इस पर फैसला नहीं हुआ है।

लंबे समय बाद आया मौका,

उसमें भी अड़ंगे- यह अहम एग्जाम है। इसके विज्ञापन हर साल नहीं आते बल्कि ये विभागों में पदों की जरूरत को ध्यान में रखकर जारी होते हैं।

यूनानी मेडिकल ऑफिसर- इस

भर्ती परीक्षा में यूनानी मेडिकल ऑफिसर के 30 पदों के लिए यह प्रक्रिया की जाना है। इसमें मुख्य भाग में 27 व प्रावधिक में 3 पद रहेंगे। होम्योपैथ मेडिकल ऑफिसर पीएससी होम्योपेथ मेडिकल ऑफिसर के भी 34 पद भरेगा। लंबे समय से इन पदों की डिमांड थी। इसमें मुख्य भाग में 30 व प्रावधिक में 4 पद रहेंगे।

आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर-

आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर के लिए रिकॉर्ड 130 पद हैं। इसमें 121 पद मुख्य भाग में व 9 पद प्रावधिक हिस्से में रखे गए हैं। एमपी पीएससी ने कोर्ट के निर्देश की जानकारी देते हुए संबधित विभाग से पूछा है कि आगे क्या प्रक्रिया करें? क्योंकि विभाग से अनुमति के बाद ही इन अभ्यर्थियों के लिए अलग से लिंक खोली जाएगी। उसके बाद नए सिरे से एग्जाम शेड्यूल तय होगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 13 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 8