मंगलवार, 10 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

स्वच्छता का पुरस्कार लेने इंदौर का दल आज रवाना होगा

देपालपुर में किए गए काम से इंदौर को मिलेगा नाम

भारत सरकार के द्वारा किए गए स्वच्छता सर्वेक्षण के पुरस्कार वितरण समारोह में भाग लेने के लिए इंदौर का दल आज रवाना होगा। इंदौर नगर निगम के द्वारा देपालपुर में किए गए काम से निगम को नाम मिलेगा।

सुपर स्वच्छ लीग में भारत सरकार से पुरस्कार प्राप्त करने के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, अपर आयुक्त स्वच्छ भारत मिशन प्रखर सिंह सहित 21 सदस्यीय दिल्ली रवाना होगी। कल 11 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा इंदौर को सम्मानित किया जाएगा। स्वच्छ सर्वेक्षण लीग में इस बार देश के 72 शहरों के बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं होगी। इन्हें जोड़ीदार शहर को सुधारने का जिम्मा दिया गया था। भारत सरकार के द्वारा हर साल स्वच्छता सर्वेक्षण के नियमों में परिवर्तन किया जाता है। इसके तहत अब तक स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता को साबित कर चुके शहरों को सुपर लीग में ले लिया गया है। इन शहरों को स्वच्छ शहर की प्रतिस्पर्धा की दौड़ से बाहर कर दिया गया है। इस साल एक नया प्रयोग करते हुए इन सभी शहरों को दूसरे छोटे-छोटे शहर गोद लेकर स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी भारत सरकार के द्वारा दी गई। स्वच्छता की राजधानी के रूप में पहचाने जाने वाले इंदौर को समीप नगर देपालपुर को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी दी गई। इंदौर के द्वारा देपालपुर में जो काम किया गया उसका स्वच्छता सर्वेक्षण में भारत सरकार की टीम के द्वारा आकलन किया गया और देपालपुर को स्वच्छता की श्रेणी में पुरस्कार के लिए चुना गया है देपालपुर में किए गए काम के कारण इंदौर को भी नाम मिलेगा और साथ में पुरस्कार भी मिलेगा।

भोपाल हो गया बाहर

इस बार के स्वच्छता सर्वेक्षण के कल आने वाले परिणाम में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन यह हुआ है कि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पुरस्कार की दौड़ से बाहर हो गया है। कई सालों तक देश के स्वच्छ शहर की इस स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहने वाला भोपाल इस बार कुछ भी हासिल नहीं कर पाया है। अब तक भोपाल को भारत सरकार की ओर से पुरस्कार वितरण समारोह में आने का निमंत्रण भी नहीं मिला है। हालात कितने खराब थे इसका अंदाजा तो इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्वच्छता के सर्वेक्षण के दौरान टीम के द्वारा दो बार हर शहर का दौरा किया गया लेकिन भोपाल का दौरा करने के लिए टीम केवल एक बार गई और दूसरी बार पहुंची ही नहीं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 10 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 10 November 2026, पृष्ठ 4