इंदौर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय इंदौर के द्वारा इंदौर शहर के यातायात में सुधार के लिए गठित की गई कमेटी के साथ आज प्रशासन की बैठक होगी। इस बैठक में शहर में यातायात की व्यवस्था को सुधारने के लिए उठाए जाने वाले कदमों के बारे में विचार किया जाएगा।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया था। इस कमेटी में वरिष्ठ अभिभाषकों को लिया गया था। इस कमेटी की पहली बैठक पिछले दिनों आयोजित की गई थी। इस पहली बैठक में कमेटी के द्वारा शहर के बाहरी क्षेत्र खास तौर पर रिंग रोड के क्षेत्र के चार चौराहों पर व्यवस्था में सुधार लाने के लिए अपने सुझाव दिए गए थे। इन सुझाव के आधार पर प्रशासन के द्वारा इन चार चौराहा पर व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
इस कमेटी की दूसरी बैठक आज दोपहर में 1:00 बजे रेसीडेंसी कोठी में आयोजित की गई है। इस बैठक में जिला प्रशासन, इंदौर नगर निगम, यातायात पुलिस के अधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा स्वयं भी भाग लेंगे। इसके साथ ही बैठक में शहर के मध्य क्षेत्र में यातायात की बिगड़ी हुई स्थिति के बारे में विचार किया जाएगा। इस क्षेत्र में यातायात में सुधार के लिए क्या किया जा सकता है इस बारे में विचार करते हुए फैसला लिया जाएगा। बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे। इस बैठक में नगर निगम के द्वारा वर्तमान में यात्रा सुधार के लिए किया जा रहे कामों का ब्यौरा भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
रोड साइड पार्किंग की देंगे जानकारी
इस बैठक में नगर निगम की ओर से इस कमेटी को यह जानकारी दी जाएगी कि निगम के द्वारा शहर में चिह्नित की गई सड़कों पर रोड साइड पार्किंग व्यवस्थित तरीके से करने की पहल की गई है। अभी शहर की तीन सड़कों पर यह प्रयोग किया जा रहा है। आने वाले समय में शहर की 24 सड़कों पर यह प्रयोग किया जाना है। इसके साथ ही इस प्रयोग को सशुल्क भी किया जाएगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 10 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





