मंगलवार, 10 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

पटाखे की चिंगारी से बिस्तर में लगी आग से झुलसी 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत

इंदौर के हीरानगर क्षेत्र के गायत्री नगर में दिवाली की रात पटाखे की चिंगारी से बिस्तर में आग लगी। झुलसी 95 वर्षीय गुलबाई नरवरे की एमवाय अस्पताल में मौत।

पटाखे की चिंगारी से बिस्तर में लगी आग से झुलसी 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत
प्रतीकात्मक तस्वीर (AI Image)

हीरानगर थाना क्षेत्र के गायत्री नगर में दीपावली की रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ दूसरी मंजिल पर सो रही 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला के बिस्तर में आग लग गई। इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से झुलसी बुजुर्ग महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना गायत्री नगर की है, जहाँ 95 वर्षीय बुजुर्ग गुलबाई नरवरे अपने परिवार के साथ रहती थीं। मृतका के बेटे दीपक ने बताया कि वे रात करीब 11 बजे अपने परिजनों के साथ नीचे के कमरे में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें घर में धुआं फैलता हुआ दिखाई दिया। जब वे भागकर ऊपर दूसरी मंजिल पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मां गुलबाई के बिस्तर में आग सुलग रही है और वे उसकी चपेट में आ चुकी हैं। परिजनों ने तुरंत आग पर काबू पाया और झुलसी हुई हालत में गुलबाई को उपचार के लिए तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। हालाँकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और देर रात अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि बुजुर्ग गुलबाई की उम्र बहुत अधिक थी और वे चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ थीं। वे बोल भी बहुत कम पाती थीं। आग लगने के वक्त वे इतनी घबरा गई थीं कि मदद के लिए उनके मुंह से आवाज तक नहीं निकल पाई। बेटे दीपक का कहना है कि ऊपर वाले कमरे में किसी भी प्रकार की ज्वलनशील वस्तु या अन्य सामान नहीं रखा था। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था, जिसके चलते आशंका जताई जा रही है कि बाहर से उड़कर आई किसी आतिशबाजी या पटाखे की चिंगारी से बिस्तर में आग लग गई। फिलहाल, एमवाय अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर हीरानगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों और कारणों के चलते यह भयानक हादसा हुआ।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 10 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 10 November 2026, पृष्ठ 12