इंदौर। साइबर ठगों ने परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में फर्जी एआई ट्रेडिंग ऐप के जरिए एक कंपनी कर्मचारी से 7 लाख 20 हजार रुपये की साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दे दिया। शातिर ठगों ने पीड़ित को रोजाना 5 से 10 फीसदी रिटर्न और बोनस का लालच देकर अपने जाल में फंसाया। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए छोटी रकम का विड्रॉल भी दिया, लेकिन बाद में मेगा ट्रेड, टैक्स और ब्रोकरेज चार्ज के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित की शिकायत पर परदेशीपुरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कुलकर्णी का भट्टा निवासी फरियादी विजय बैरवा को अंकित पाल नामक व्यक्ति ने फोन कर वैल्यू ट्रेड नामक कथित एआई ऐप में 100 डॉलर लगाने पर रोजाना भारी मुनाफे का झांसा दिया था। शुरुआती निवेश पर 50 डॉलर का विड्रॉल मिलने से फरियादी को उस पर भरोसा हो गया। इसके बाद जालसाजों ने 5 हजार डॉलर के बोनस, मेगा ट्रेड और पॉलिसी बदलने के नाम पर उनसे अलग-अलग किस्तों में कुल 7.20 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब पीड़ित ने पूरी रकम निकालने की कोशिश की, तो ऐप बंद मिला और कोई रिफंड नहीं हुआ। जांच में सामने आया कि इस नाम की कोई अधिकृत कंपनी ही नहीं थी, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 29 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



