सोमवार, 23 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

दान गुप्त हो, सम्मान सार्वजनिक… कहीं दानवीरता का प्रदर्शन अपराधियों को न्योता तो नहीं?

जैन समाज की गुप्त दान की परंपरा के बीच करोड़ों की बोलियों का सार्वजनिक प्रदर्शन नई प्रतिस्पर्धा को जन्म दे रहा है, सुरक्षा के लिहाज से भी उठ रहे सवाल।

दान गुप्त हो, सम्मान सार्वजनिक… कहीं दानवीरता का प्रदर्शन अपराधियों को न्योता तो नहीं?

इन्दौर (अक्षय जैन)। जैन धर्म केवल धन कमाने की कला नहीं, बल्कि धन के सदुपयोग और त्याग की जीवनशैली भी सिखाता है। यहां अपरिग्रह, संयम, विनम्रता और गुप्त दान की परंपरा को विशेष महत्व दिया गया है। जैन समाज में दान की भावना हमेशा से रही है, लेकिन उसकी पहचान दान की राशि से नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपे निस्वार्थ भाव से होती रही है। किसी जरूरतमंद की सहायता हो, शिक्षा के लिए सहयोग हो, साधु-साध्वियों की सेवा हो अथवा धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के निर्माण में आर्थिक योगदान, समाज ने हमेशा दानदाताओं का सम्मान किया है। लेकिन सम्मान और प्रदर्शन के बीच एक महीन अंतर है, जिसे आज के दौर में समझना जरूरी हो गया है।

आज सोशल मीडिया का युग है। रील, वीडियो, लाइव प्रसारण और मीडिया मार्केटिंग ने धार्मिक आयोजनों की तस्वीर बदल दी है। मंच पर लाखों-करोडों की बोलियां लगती हैं, दानदाता के नाम की घोषणाएं होती हैं, तस्वीरें और वीडियो वायरल होते हैं। अगले दिन अखबारों में सुर्खियां बनती हैं और सोशल मीडिया पर दानवीरता के किस्से प्रसारित होते हैं। यहां सवाल दान देने वाले की भावना पर नहीं, बल्कि उस व्यवस्था और प्रचार संस्कृति पर है, जिसमें दान की राशि ही प्रतिष्ठा का पैमाना बनती दिखाई देने लगी है।

दान की भावना बड़ी या उसकी रकम?

हाल ही में इंदौर में जैन संत सुधा सागर जी के आयोजन के दौरान मनीष गोधा जैसे दानदाताओं द्वारा बड़ी बोलियां लेने और आर्थिक समर्पण की चर्चाएं मीडिया और सोशल मीडिया पर सामने आईं। किसी भी व्यक्ति का धार्मिक आस्था से प्रेरित होकर दान देना प्रशंसनीय है। लेकिन जब ऐसी बोलियां सार्वजनिक चर्चा, रील्स और प्रचार का विषय बनती हैं तो समाज में एक स्वाभाविक सवाल भी उठता है। क्या दान अब पुण्य के साथ प्रतिष्ठा अर्जित करने का माध्यम भी बनता जा रहा है? क्या बड़ी बोली लगाने वाले को अधिक सम्मान और सामान्य राशि देने वाले को कम महत्व मिलने लगा है? क्या इस तरह की प्रचार संस्कृति अनजाने में समाज के भीतर आर्थिक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दे रही है? जैन परंपरा में दान का मूल्य उसकी राशि से नहीं, बल्कि त्याग की भावना से तय होता है। किसी आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति का अपनी क्षमता के अनुसार दिया गया छोटा-सा सहयोग भी उतना ही सम्माननीय है, जितना किसी उद्योगपति का करोड़ों का दान।

सोशल मीडिया की चमक और सुरक्षा का सवाल

इस विषय का एक गंभीर पहलू सुरक्षा से भी जुड़ा है। देश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग सहित विभिन्न आपराधिक गिरोहों की ओर से कारोबारियों और संपन्न लोगों को धमकियां देने तथा रंगदारी मांगने की खबरें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे माहौल में किसी व्यक्ति की आर्थिक हैसियत, बड़े कारोबार, संपत्ति या करोड़ों के दान का लगातार सार्वजनिक प्रदर्शन क्या उचित है? सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली ऐसी जानकारियां अनजाने में असामाजिक तत्वों के लिए किसी व्यक्ति की आर्थिक क्षमता का अनुमान लगाने का माध्यम बन सकती हैं। यह कहना उचित नहीं होगा कि किसी धार्मिक आयोजन में दान की बोली का प्रचार ही अपराधियों की धमकियों का कारण बनता है। लेकिन यह चिंता जरूर विचारणीय है कि जब हम स्वयं किसी की आर्थिक सामर्थ्य को सार्वजनिक मंचों पर बार-बार प्रदर्शित करते हैं, तो उसकी निजी सुरक्षा और गोपनीयता का ध्यान कौन रखेगा? दानदाता की प्रतिष्ठा का सम्मान होना चाहिए, लेकिन उसकी आर्थिक हैसियत का अनावश्यक प्रचार उसकी सुरक्षा के लिए जोखिम बन सकता है। आयोजकों, मीडिया और सोशल मीडिया संचालकों को इस संवेदनशीलता को समझना होगा।

25 करोड़ का प्रस्ताव और संस्थाओं की विरासत

इसी बीच इंदौर में जैन समाज की एक शैक्षणिक संस्था से जुड़े ट्रस्ट में एक दानदाता की ओर से 25 करोड़ रुपये देने के प्रस्ताव को लेकर भी विवाद और चर्चाएं सामने आई हैं। शिक्षा के क्षेत्र में इतना बड़ा सहयोग निश्चित रूप से महत्वपूर्ण हो सकता है। लेकिन सवाल यह है कि क्या किसी संस्था की मूल पहचान, विरासत, उद्देश्य और निर्णय लेने की स्वतंत्रता से जुड़े विषयों पर भी उतनी ही गंभीरता से विचार किया जा रहा है? दान किसी संस्था को मजबूत बनाने का माध्यम होना चाहिए, उसकी मूल पहचान और संस्थागत स्वायत्तता पर सवाल खड़े करने का कारण नहीं। बड़े दान के साथ पारदर्शिता, शर्तों की स्पष्टता और सामाजिक जवाबदेही भी आवश्यक है।

जैन समाज अपनी परंपरा पर फिर विचार करे

जैन समाज में गुप्त दान की परंपरा केवल पहचान छिपाने की व्यवस्था नहीं, बल्कि अहंकार और प्रसिद्धि की इच्छा से दूर रहने की एक आध्यात्मिक भावना है। दान देकर उसका प्रचार न करना भी एक प्रकार का त्याग है। आज जरूरत इस बात की है कि धार्मिक आयोजनों में दानदाता का सम्मान हो, लेकिन दान की रकम को प्रचार का हथियार न बनाया जाए। रिल्स और सोशल मीडिया पर किसी की आर्थिक क्षमता का प्रदर्शन करने के बजाय उस दान से होने वाले सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों को सामने लाया जाए। आयोजक भी ऐसी स्वस्थ परंपरा शुरू कर सकते हैं, जहां दानदाता की सहमति और गोपनीयता का सम्मान हो तथा आयोजन की सफलता को करोडों की बोलियों के बजाय समाज को मिले वास्तविक लाभ से आंका जाए। आखिरकार धर्म का उद्देश्य आत्मा को विनम्र बनाना है, अहंकार को बड़ा करना नहीं। दान का उद्देश्य जरूरतमंद की जरूरत पूरी करना है, अपनी आर्थिक शक्ति का प्रदर्शन करना नहीं। एक बात याद रखनी होगी दान गुप्त हो सकता है, लेकिन दानदाता का सम्मान कभी कम नहीं होना चाहिए। सम्मान उसके धन का नहीं, उसकी भावना और समर्पण का होना चाहिए। क्योंकि करोडों की बोली कुछ दिनों तक सुर्खियां बटोर सकती है, लेकिन गुप्त रूप से किया गया निस्वार्थ दान पीढ़ियों तक संस्कार बनकर जीवित रहता है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 23 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 23 November 2026, पृष्ठ 4