बिजासन रोड और पंचकुइया रोड के बीच प्राचीन श्री दास हनुमान बगीची में तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन 9 से 11 नवंबर तक होंगे। े9 नवम्बर को हवन और केसर के जल से बजरंगबली का महाभिषेक होगा। मंदिर में विशेष शृंगार भी होगा और प्रसादी का वितरण भी किया जाएगा। दीपावली के बाद पुरानी अन्नकूट परंपरा का बड़ा आयोजन 10 नवम्बर को आयोजित किया जाएगा। भगवान को छप्पन भोग लगाए जाएंगे। महाआरती और महाप्रसादी का आयोजन होगा। 50 हजार श्रद्धालुओं के अन्नकूट प्रसादी में मौजूद रहने की सम्भावना है। पहली बार तीन दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। तीसरे दिन 11 नवम्बर को तीन दिवसीय महायज्ञ की पूर्णाहुति वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होगी। श्री दास हनुमान बगीची धार्मिक न्यासिक ट्रस्ट के बैनरतले यह आयोजन होगा। कैलाश कुसुमाकर, वीरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि 50 हजार श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी बनेगी, 2500 लोग एक साथ भोजन, करेंगे, एक हजार से ज्यादा भक्त व्यवस्थाएं संभालेंगे। शुद्ध घी से नुक्ती दीपावली की रात से ही बनना शुरू होगी। 1 हजार भक्तों को भोजन व्यवस्था, भोजन निर्माण, वितरण और धार्मिक आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। आयोजन से भीम राठौर, कल्लू राठौर और दीपक गुप्ता विमल पाणिग्रही भी जुडे हुए है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 7 November 2026 के अंक में पृष्ठ 6 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






