ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में ‘मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट- 2026’ का आयोजन 23 एवं 24 अक्टूबर को किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को सेमीकंडक्टर उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने, तकनीकी अधोसंरचना विकसित करने, नवाचार को बढ़ावा देने और कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर विशेष ध्यान दे रही है। इस समिट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। समिट में देश-विदेश की सेमीकंडक्टर कंपनियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और स्टार्टअप प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश, तकनीकी सहयोग, अनुसंधान, नवाचार और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर चर्चा होगी। समिट में सेमीकंडक्टर विनिर्माण, चिप डिजाइन, उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, अनुसंधान एवं नवाचार तथा कुशल मानव संसाधन विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। आयोजन के दौरान 8 पैनल चर्चाएँ, 5 राउंडटेबल बैठकें और 2 मुख्य व्याख्यान होंगे। इसके साथ ही 50 से अधिक कंपनियाँ प्रदर्शनी में अपनी तकनीकी क्षमताओं, उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन करेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समिट के पहले दिन ‘सेमीकंडक्टर हब के रूप में मध्यप्रदेश का विजन’ विषय पर उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इसके बाद उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग हब के रूप में मध्यप्रदेश का विकास, फैबलेस इकोसिस्टम का निर्माण तथा सेमीकंडक्टर विनिर्माण एवं आपूर्ति शृंखला जैसे विषयों पर पैनल चर्चाएं होंगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर, फैबलेस उत्पाद एवं बौद्धिक संपदा से जुड़ी कंपनियों तथा प्रमुख शिक्षण संस्थानों के निदेशकों एवं कुलपतियों के साथ राउंडटेबल बैठकें भी आयोजित की जाएँगी। इससे उद्योग, शिक्षा और अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। प्रदर्शनी में 50 से अधिक कंपनियाँ तकनीकी क्षमताएँ दिखाएंगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 19 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




