सोमवार, 23 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

कचरा उठाने वालों पर कार्रवाई, कचरा फेंकने वालों पर मेहरबानी: नंबर वन बनाने वाले कर्मचारी ही झेल रहे आक्रोश

सफाई व्यवस्था पर सवाल: कचरा फेंकने वालों पर सख्ती की जगह कार्रवाई करने वाले कर्मचारी ही झेल रहे आक्रोश, एनजीओ और अफसरों की जवाबदेही पर उठे सवाल।

कचरा उठाने वालों पर कार्रवाई, कचरा फेंकने वालों पर मेहरबानी: नंबर वन बनाने वाले कर्मचारी ही झेल रहे आक्रोश

स्वच्छता में लगातार 8 साल तक नंबर वन रहने के बाद इस बार ताज छिनने का आक्रोश नगर निगम के उन कर्मचारियों पर निकल रहा है, जिन्होंने सालों तक शहर को देश में अव्वल बनाए रखने के लिए मैदान में रहकर काम किया। सफाई व्यवस्था बिगड़ने के लिए केवल कर्मचारी जिम्मेदार नहीं हैं। असली कमी सफाई प्रबंधन, अधिकारियों की मॉनिटरिंग और खुले में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई की इच्छाशक्ति में भी है। राजनीतिक जनप्रतिनिधियों और बड़े अधिकारियों का समर्थन नहीं मिलने से सफाई कर्मचारियों की कार्रवाई कमजोर पड़ी है। विडंबना यह है कि कचरा फैलाने वालों पर सख्ती करने के बजाय कचरा उठाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है।

राजनीतिक और अफसरों का सपोर्ट नहीं, कर्मचारियों के हाथ बंधे-कुछ साल पहले तक मुख्य सड़कों, खुले मैदानों, प्लॉट, ग्रीन बेल्ट और बाउंड्रीवॉल के आसपास कचरा फेंकने वालों पर निगम सख्ती से कार्रवाई करता था। कर्मचारियों को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिलता था। अब कार्रवाई करने पर कर्मचारियों को राजनीतिक और प्रशासनिक समर्थन नहीं मिल पा रहा है। नतीजा यह है कि खुले में कचरा फेंकने वालों में कार्रवाई का डर खत्म होता जा रहा है और कर्मचारियों के हिस्से में केवल कचरा उठाने की जिम्मेदारी रह गई है।

निगम आयुक्त ने आठ अपर आयुक्तों को 22 जोन में सफाई व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी दी है। सवाल यह है कि जब सुबह निरीक्षण और मॉनिटरिंग की व्यवस्था है तो कचरा हॉटस्पॉट लगातार क्यों बढ़ रहे हैं? बड़े अधिकारियों की नियमित मौजूदगी और जवाबदेही भी तय होना चाहिए। केवल कर्मचारियों का वेतन काटने और सेवा समाप्त करने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी। निगम सफाई व्यवस्था में एनजीओ पर करोड़ों रुपए खर्च कर रहा है। कचरा गाड़ियों के साथ एनजीओ कर्मचारियों की जिम्मेदारी लोगों को कचरा अलग-अलग देने के लिए जागरूक करना और खुले में कचरा फेंकने से रोकना है। लेकिन पिछले दो सालों से इस काम में लापरवाही की शिकायतें सामने आ रही हैं। लगातार काम नहीं करने वाले एनजीओ पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। जिन स्थानों पर बार-बार कचरा फेंका जाता है, वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और कचरा फेंकने वालों के खिलाफ स्पॉट फाइन की कार्रवाई हो। भवन अधिकारियों और निरीक्षकों को सड़क पर बिल्डिंग मटेरियल फैलाने वालों पर कार्रवाई की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। अच्छा काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को पदोन्नति और प्रोत्साहन मिले। इंदौर को फिर नंबर वन बनाने के लिए कर्मचारियों पर डंडा चलाने से ज्यादा जरूरी है कि राजनीतिक जनप्रतिनिधि, बड़े अधिकारी और निगम का पूरा तंत्र उनके साथ खड़ा हो और अपनी जिम्मेदारी निभाए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 22 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 22 November 2026, पृष्ठ 4