सोमवार, 23 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

तापमान बढ़ने से कम हो गया इंदौर में ठंड का असर

फिर भी सुबह और रात के समय पर महसूस हो रही है हल्की ठंड

तापमान बढ़ने से कम हो गया इंदौर में ठंड का असर

तापमान बढ़ जाने के कारण इंदौर में ठंड का असर महसूस होना कम हो गया है। इसके बाद भी सुबह के समय और रात के समय पर इस बात का एहसास हो जाता है कि ठंड का मौसम चल रहा है।

इसलिए दो दिनों से इंदौर में जितनी ठंड पड़ रही थी उसके मुकाबले में कल रात को ठंड कमजोर थी। जो लोग सड़क पर देर रात को आना-जाना कर रहे थे उन्होंने गर्म कपड़े भी नहीं पहने थे और वे आसानी के साथ अपना वाहन चला रहे थे। इससे भी यह नजर आता है कि कल रात को लोगों पर ठंड का असर कम था। अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि ठंड बिल्कुल थी ही नहीं। ठंड तो थी लेकिन यह ठंड हल्की और कुनकुनी ठंड के रूप में थी।

इंदौर के मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार कल इंदौर का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यह तापमान सामान्य तापमान की तुलना में एक डिग्री सेल्सियस कम था। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य तापमान की तुलना में 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। दृश्यता की स्थिति में कहीं कोई समस्या नहीं है। कल इंदौर के आसमान पर 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही थी। ध्यान रहे कि पिछले दिनों में तापमान सामान्य तापमान की तुलना में चार डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया था। अब इस तापमान में सुधार हो गया है।

इसके साथ ही आज सुबह भी मौसम में बदलाव नजर आया। आज सुबह 8:30 बजे के करीब इंदौर का तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस था। पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय पर इंदौर का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता रहा है। इसके अलावा आज सुबह हवा की गति भी धीमी थी। मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह के समय पर 8 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 13 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवा चल रही थी। पिछले कुछ दिनों में हवा की यह गति 15 किलोमीटर प्रति घंटा से कम नहीं हो रही थी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 22 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 22 November 2026, पृष्ठ 3