सोमवार, 23 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

मंडी के बजाए गोदाम पर खरीदी का आरोप

लाखों रुपये खर्च कर बनाई मानपुर उपमंडी वीरान

मंडी के बजाए गोदाम पर खरीदी का आरोप
मंडी के बजाए गोदाम पर खरीदी का आरोप (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

भारतीय किसान एवं मजदूर सेना के प्रदेश अध्यक्ष बबलू जाधव ने बताया कि महू कृषि उपज मंडी समिति की उपमंडी मानपुर की व्यवस्थाएं खराब हो चुकी है, बड़ा खर्च कर तैयार की गई मानपुर उपमंडी वीरान पड़ी है। जाधव ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते व्यापारियों के गोदाम पर खरीदी होने के कारण मंडी परिसर में नीलामी पूरी तरह ठप्प है जिससे मंडी राजस्व का नुकसान भी हो रहा है। जाधव ने यह भी आरोप लगाया कि गोदाम पर काम होने से किसानों को तौल और भाव दोनों में व्यापारियों द्वारा ठगा जा रहा है। मानपुर उपमंडी पूरी तरह वीरान हो चुकी है। किसान की उपज मंडी में पहुंचने के बजाय व्यापारियों के सीधे गोदाम में पहुंच रही है, तौल और उपज भाव दोनों में व्यापारी किसान को नुकसान पहुंचा रहे है। किसान और मजदूर सेना के बबलू जाधव के साथ शैलेन्द्र पटेल, सुभाष राठौर ने मानपुर उपमंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडी की बदहाल व्यवस्था और अधिकारियों की गंभीर लापरवाही सामने आई। नेताओं ने कहा कि मंडी परिसर में लाखों रुपये खर्च कर सीसी रोड, चद्दर शेड, व्यापारियों के गोदाम एवं अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। मंडी में कर्मचारियों की नियुक्ति भी की गई है, लेकिन इसके बावजूद किसानों की उपज की नीलामी मंडी परिसर में नहीं हो रही है। आखिर सरकारी धन खर्च करने और कर्मचारियों की नियुक्ति का क्या औचित्य है, जब मंडी किसानों के किसी काम ही नहीं आ रही, किसानों के लिए बनाई गई मंडी में कृषि उपज की नीलामी तक नहीं हो रही है। भारतीय किसान एवं मजदूर सेना की प्रमुख मांग है कि महू मंडी समिति के अधिकारी तत्काल व्यापारियों के साथ बैठक कर मंडी परिसर में नियमित नीलामी एवं खरीदी शुरू करवाएं। किसानों की उपज की तुलाई और भाव निर्धारण मंडी की पारदर्शी व्यवस्था के अंतर्गत सुनिश्चित किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मानपुर उपमंडी में नियमित नीलामी शुरू नहीं करवाई गई और किसानों के हितों की अनदेखी जारी रही, तो मंडी समिति के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। किसानों को उनके हाल पर छोड़ने वाली इस व्यवस्था को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 22 November 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 22 November 2026, पृष्ठ 5