शनिवार, 7 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

दीपावली के अगले दिन सुबह 4 बजे से शुरू होगा सफाई अभियान

कॉलोनी, मोहल्ला, बस्ती से पटाखे के कचरे को उठाने का लक्ष्य

नगर निगम के द्वारा दीपावली के अगले दिन साफ सफाई की व्यवस्था के लिए अलग योजना तैयार की गई है। इस योजना के अनुसार इस दिन सुबह 4:00 बजे से पूरे शहर में सफाई अभियान शुरू होगा। इसमें खास तौर पर कॉलोनी, मोहल्ला, बस्ती से पटाखे के कचरे को उठाने का लक्ष्य रखा गया है।

दीपावली की रात में लक्ष्मी पूजन के बाद पटाखे फोड़ने की परंपरा है। इसके चलते हुए नागरिकों के द्वारा जमकर आतिशबाजी की जाती है। यह आतिशबाजी सड़क पर होती है और उसका कचरा भी सड़क पर फैल जाता है। ऐसी स्थिति में इंदौर नगर निगम के द्वारा दीपावली के अगले दिन की जाने वाली साफ सफाई के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। इस योजना के अनुसार सुबह 4:00 बजे से ही पूरे शहर को साफ सुथरा और चकाचक करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इस संबंध में निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा सिटी बस ऑफिस में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंघल ने दीपावली पर्व के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों, चौराहों, कॉलोनियों एवं बस्तियों में आतिशबाजी और उत्सव के पश्चात निकलने वाले कचरे का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इंदौर स्वच्छता के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहा है। दीपावली के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अस्थायी बाजार लगते हैं तथा आतिशबाजी के बाद बड़ी मात्रा में कचरा निकलता है।

इस कचरे की सफाई के अभियान के अंतर्गत नगर निगम का स्वास्थ्य अमला शहर के प्रमुख मार्गों, आई डब्ल्यू एम की टीम बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई कार्य करेगी। सफाई मित्रों के साथ मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से पटाखों के अवशेष, कागज, डिब्बों तथा अन्य कचरे का त्वरित निस्तारण किया जाएगा, ताकि शहर की सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों को शीघ्र स्वच्छ बनाया जा सके। इस अभियान पर नजर रखने के लिए सभी वरिष्ठ अधिकारियों को भी सुबह जल्दी मैदान में निकलने के लिए निर्देशित किया गया है। इन अधिकारियों से कहा गया है कि वह लगातार भ्रमण करते हुए सफाई की स्थिति का जायजा लें। साथ ही निगम के वर्कशॉप विभाग को अतिरिक्त वाहन, मशीनरी एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 7 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 7 November 2026, पृष्ठ 4