इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में बाईपास पर मामूली टक्कर के बाद उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की स्कूटी को टक्कर मारकर गिरा दिया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की, तथा जाते-जाते उसकी स्कूटी भी छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अंबामोलिया निवासी 28 वर्षीय रोहित पिता रामचंद्र पाटीदार ने लसूड़िया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे अपनी टीवीएस एन्टार्क स्कूटी एमपी 09 एक्सएच 5714 से जा रहे थे। घटना शेरेटन होटल के सामने इंदौर बाईपास की है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि एक बाइक सवार ने अपने वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए पीछे से उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित अपनी स्कूटी सहित सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके दाहिने हाथ, कंधे, पैर और पंजे में गंभीर चोटें आईं। जब पीड़ित ने बाइक सवारों से कहा कि यदि आप लोगों को भी चोट लगी हो तो मैं इलाज करा देता हूं, तो टक्कर मारने की बात स्वीकार करने के बजाय आरोपी आगबबूला हो गए और उलटे विवाद करने लगे। बात बढ़ने पर आरोपियों ने रोहित के साथ सरेराह थप्पड़-मुक्कों से मारपीट कर दी। जब पीड़ित आरोपियों से बातचीत कर ही रहा था, तभी मौका पाकर उस बाइक चालक का साथी फरियादी की ही टीवीएस स्कूटी पर सवार हुआ और उसे लेकर वहां से भाग निकला। उसके साथ अन्य आरोपी भी अपने वाहनों सहित मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और शिकायत दर्ज करवाई। लसूड़िया थाना पुलिस ने फरियादी रोहित पाटीदार की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस बाईपास पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों और लूटे गए वाहन का सुराग लगाया जा सके।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



