शनिवार, 7 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

दीपावली के कारोबार में गिरावट से निराशा नहीं, आत्ममंथन की जरूरत -अक्षय जैन

व्यापारी मंदी से लड़ना जानता है, लेकिन अब बाजार को ग्राहकी लौटाने की रणनीति बदलनी होगी। ऑनलाइन कारोबार की चुनौती, बदलती ग्राहक मानसिकता और बाजारों की सामूहिक ताकत पर विचार…

व्यापारी मंदी से लड़ना जानता है, लेकिन अब बाजार को ग्राहकी लौटाने की रणनीति बदलनी होगी। ऑनलाइन कारोबार की चुनौती, बदलती ग्राहक मानसिकता और बाजारों की सामूहिक ताकत पर विचार करना समय की मांग है।

दीपावली का त्योहार आते ही व्यापारियों की उम्मीदें भी रोशनी से भर जाती हैं। इस वर्ष भी बाजारों ने पूरी तैयारी की, दुकानों को सजाया, नए कलेक्शन उतारे और ग्राहकों के स्वागत में अपनी पूरी ताकत लगा दी। लेकिन पिछले वर्ष की दीपावली की तुलना में इस बार कारोबार में आई गिरावट ने व्यापारियों को निराश जरूर किया। बाजार में रौनक थी, लेकिन ग्राहकी और खरीदारी का उत्साह अपेक्षाओं के अनुरूप नजर नहीं आया। हालांकि, व्यापारी वह योद्धा है जो विपरीत परिस्थितियों से लड़ना जानता है। मंदी, प्रतिस्पर्धा और आर्थिक उतार-चढ़ाव उसके व्यवसायिक जीवन का हिस्सा हैं। इसलिए निराश होकर बैठने के बजाय अब आत्ममंथन करने का समय है। हमें कुछ सवालों के जवाब तलाशने होंगे। क्या बाजारों में ग्राहकी का अभाव था या ग्राहक ने त्योहार पर खरीदारी से दूरी बना ली? क्या आम आदमी की क्रयशक्ति प्रभावित हुई है? क्या ऑनलाइन कारोबार ने परंपरागत बाजारों के हिस्से की ग्राहकी अपने कब्जे में ले ली है, या ग्राहक अब केवल सुविधाभोगी होकर घर बैठे खरीदारी करना चाहता है? यह भी समझना होगा कि आज का ग्राहक केवल कीमत नहीं, बल्कि सुविधा, विकल्प, गुणवत्ता, समय और भरोसा भी चाहता है। ऐसे में परंपरागत बाजारों को अपनी कार्यशैली, ग्राहक सेवा, उत्पादों की विविधता और प्रचार के तरीकों में बदलाव लाना होगा। केवल पुरानी व्यापारिक परंपराओं के भरोसे भविष्य का कारोबार सुरक्षित नहीं किया जा सकता। अब सामने लग्नसरा का सीजन है। यह व्यापारियों के लिए अपनी खोई हुई गति वापस पाने का अवसर भी है। वैवाहिक खरीदारी की बदलती पसंद, नए फैशन ट्रेंड, पारिवारिक जरूरतों और ग्राहकों के बजट को समझकर बाजार को नई दिशा देनी होगी। सबसे जरूरी है सामूहिक प्रयास। प्रत्येक व्यापारी यदि केवल अपनी दुकान की ग्राहकी बढ़ाने के बजाय पूरे बाजार की पहचान, विश्वसनीयता और आकर्षण बढ़ाने की सोच विकसित करे, तो परिणाम बेहतर हो सकते हैं। बाजारों में संयुक्त प्रचार, नए ऑफर, बेहतर ग्राहक अनुभव और आपसी सहयोग की रणनीति बनानी होगी।

समय बदल रहा है, ग्राहक बदल रहा है और कारोबार का तरीका भी बदल रहा है। ऐसे में बाजार को भी बदलना होगा। व्यापारियों को निराशा नहीं, आत्मचिंतन को अपनी ताकत बनाना होगा। बाजार की नब्ज पहचानकर ग्राहकी बढ़ाने और सामूहिक व्यापारिक विकास की दिशा में आगे बढ़ना ही आने वाले समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 7 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 7 November 2026, पृष्ठ 4