इंदौर। आगम, विराज और मनीष के जोरदार प्रदर्शन की मदद से मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने प्रतिष्ठित ऑल इंडिया आइपीएससी हैंडबॉल स्पर्धा में जीत के साथ खिताब की ओर कदम बढ़ाए। इस टूर्नामेंट में देशभर की टीमें हिस्सा ले रही हैं। स्पर्धा अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में खेली जा रही है। राउ स्थित एमरल्ड हाइट्स स्कूल के इनडोर स्टेडियम में स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ स्कूल के निदेशक मुक्तेश सिंह के आतिथ्य में हुआ। इस दौरान खेल अधिकारी अकरम खान सहित सभी टीमों के खिलाड़ी और अधिकारी उपस्थित थे। बुधवार को अंडर-19 आयु वर्ग में पहला मैच एमरल्ड हाइट्स स्कूल और राजस्थान के बीपीएस पिलानी के बीच खेला गया। यह मुकाबला कांटे का रहा, जिसमें दोनों ही टीमों ने पूरा जोर लगाया। अंत में एमरल्ड हाइट्स स्कूल ने पिलानी की टीम को 15-12 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से आगम ने आठ गोल किए जबकि विराज ने दो, मनीष ने तीन गोल करते हुए टीम की जीत में योगदान दिया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




