इंदौर। मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स व स्नूकर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित '6ठीं इंटर स्कूल 6 रेड स्नूकर टूर्नामेंट' के बालक वर्ग में क्वार्टर फाइनल की तस्वीरें साफ हो गई हैं। नेहरू स्टेडियम स्थित बिलियर्ड्स एकेडमी में खेले जा रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें जीत दर्ज कर शौर्य म्हासे, ओवेश खान, हार्दिक गायकवाड़ और रोहन रोचवानी ने टॉप-8 में प्रवेश कर लिया है।
प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में गुजराती समाज स्कूल के शौर्य म्हासे ने एनडीपीएस के मनन अग्रवाल को एकतरफा मुकाबले में 2-0 से हराकर अंतिम आठ में अपनी जगह सुरक्षित की। वहीं, बॉम्बे इंटरनेशनल स्कूल के ओवेश खान ने श्री सत्यसाई विद्या विहार स्कूल के शोभित प्रजापित को 2-0 से, और बॉम्बे पब्लिक स्कूल मायाखेड़ी के हार्दिक गायकवाड़ ने मां कनकेश्वरी स्कूल के मृत्युंजय वर्मा को 2-0 से शिकस्त दी। एनडीपीएस के रोहन रोचवानी ने अपने ही स्कूल के युग पटेल को बेहद कड़े मुकाबले में 2-1 से हराया। इसके अलावा श्री सत्यसाई विद्या विहार के आगम गंगवाल ने श्री एकेडमी महू के राघव सोनी को 2-0 से, एनडीपीएस के दक्ष खत्री ने शिशुकुंज स्कूल के पर्व बंगा को 2-0 से, और एनडीपीएस के लक्ष्य संतानी ने अपने सहपाठी आदित्य रोचवानी को 2-0 से शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया। एक अन्य मुकाबले में एनडीपीएस के पल्केश गुलानी ने कड़े संघर्ष के बाद अपनी ही स्कूल के कृष्णा पटेल को 2-1 से मात दी। बिलियर्ड्स एकेडमी के इंचार्ज सुजीत गेहलोत ने बताया कि स्पर्धा का फाइनल मुकाबला गुरुवार को शाम 3 बजे से खेला जाएगा। इसके ठीक बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




