मध्यप्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में संचालित 'छात्रों की गूंज' 40 दिवसीय जनआंदोलन के अंतर्गत आज रविवार की शाम 4 बजे चंद्रवंशीय खाती समाज धर्मशाला, मूसाखेड़ी, इंदौर में ‘संविधान संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रवक्ता अमित चौरसिया ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे ‘संविधान बचाओ अभियान' की भावना के अनुरूप इस कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का वितरण किया जाएगा तथा उत्कृष्ट वक्ताओं द्वारा संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं युवाओं की संवैधानिक जिम्मेदारियों पर विस्तृत संवाद किया जाएगा। चौरसिया ने बताया कि प्रदेश के युवाओं और छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा होगी। विशेष रूप से नीट पेपर लीक, व्यापम घोटाला, पटवारी भर्ती, पुलिस आरक्षक भर्ती, एमपीपीएससी परीक्षाओं में अनियमितताएं, नर्सिंग परीक्षा एवं कॉलेज मान्यता विवाद, सहित मध्यप्रदेश की विभिन्न भर्ती एवं परीक्षा प्रक्रियाओं में सामने आए कथित घोटालों, पारदर्शिता की कमी तथा युवाओं के भविष्य पर पड़ रहे प्रभाव पर कांग्रेस का अधिकृत पक्ष रखा जाएगा। इसके लिए छात्रों से लगातार स्कूल-कॉलेज, कोचिंग और छात्रावास में सम्पर्क किया जा रहा है। कार्यक्रम के लिए अंकित दुबे, अमित पटेल, रजत पटेल, ओम दांगी मोनिका मंडारे, सांभवी शुक्ला, जावेद खान, प्रज्ञा फिलिप, पोरलाल खरते को जिम्मेदारी दी गई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




