पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता द्वारा कुछ गैप के बाद इस वर्ष नवरात्रि में आज बड़ा गणपति से माँ बिजासन तक चुनरी यात्रा निकाली जा रही है। इस आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी आज शामिल हो रहे हैं, इसलिए यात्रा के लिए बतौर सुरक्षा बड़ी संख्या में पुलिसबल लगाया गया है। मुख्यमंत्री आज सुबह इंदौर पहुंचे और वे बड़ा गणपति स्थित चुनरी यात्रा में भी पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री के आने के पहले पुलिस ने मार्ग और खासतौर से मंच की सुरक्षा व्यवस्था देखी, मंच की व्यवस्था के दौरान पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता साथ में रहे, रास्ते में भी पुलिसबल अलग-अलग चौराहों से लेकर अलग-अलग जगह पर तैनात दिखाई दिया। मुख्यमंत्री की मौजूदगी की सूचना के बाद कल रात बड़ी संख्या में स्वागत मंच लग गए। गुप्ता ने मुख्य मंच बड़ा गणपति के बाद एरोड्रम थाना के सामने लगवाया है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी के कारण नगर निगम ने भी पूरी तैयारी आज की। कुछ पेड़ जो रोड पर नीचे तक आ रहे थे उन्हें भी निगम ने आज छांटा और हाथों हाथ गाडी में भरवाकर भिजवा भी दिया। बड़ा गणपति के चारों ओर जहां साफ-सफाई अभियान चलाया गया वहीं बिजासन मार्ग पर भी निगम ने सफाई कराने के साथ पावडर भी डलवाए। बड़ी संख्या में बसों से आज श्रद्धालुओं को बड़ा गणपति तक लाया गया, इसके लिए स्कूली बसें भी लगाई गई थी।



यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





