लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन द्वारा कल प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अहिल्या स्मारक देखने और उसके काम को तेजी से करवाने के लिए निमंत्रण दिया गया था। मुख्यमंत्री आज इंदौर यात्रा के दौरान स्मारक को देखने पहुंच रहे हैं।
सरकार जब तेजी में आती है तो सारे काम तेजी से होने लगते हैं। इंदौर में बढ़ती राजनीतिक तल्खी के बीच मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा कल रेसीडेंसी कोठी पर लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, विधायक मालिनी गौड, मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला के साथ चर्चा की गई। इसके अलावा पुराने नेता कृष्णमुरारी मोघे को भी मिलने के लिए बुलाया गया। इस मुलाकात के दौरान सुमित्रा महाजन द्वारा मुख्यमंत्री को लालबाग के पीछे बनाए जा रहे अहिल्या स्मारक को देखने आने का निमंत्रण दिया था। इस स्मारक का काम तेज गति से किया जा रहा है, अभी स्मारक के लिए धन की कमी की स्थिति बन गई है। ताई चाहती थी कि मुख्यमंत्री आ जाए ताकि सरकार की ओर से इस स्मारक के लिए ज्यादा सहयोग मिल सके। यही कारण है कि ताई द्वारा मुख्यमंत्री को अहिल्या स्मारक का दौरा करने का निमंत्रण दिया गया। कल दिए गए निमंत्रण को मुख्यमंत्री के द्वारा कितनी गंभीरता से लिया गया इसका अंदाजा तो इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज मुख्यमंत्री इंदौर आ रहे हैं तो उसमें उन्होंने अहिल्या स्मारक का दौरा रख लिया है। मुख्यमंत्री आज पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता की चुनरी यात्रा में भाग लेने के लिए आ रहे हैं। चुनरी यात्रा के बाद उनके द्वारा लालबाग के पीछे स्थित इस स्मारक का 10 मिनट दौरा किया जाएगा। अब मुख्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम आने के बाद सभी को यह उम्मीद जाग गई है कि संभव है आज राज्य सरकार की ओर से अहिल्या स्मारक के लिए कोई बड़ी घोषणा कर दी जाए। इसके अलावा मुख्यमंत्री चुनरी यात्रा में शामिल होने के बाद एमवाय अस्पताल पहुंचेंगे जहां शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं एमवाय चिकित्सालय में स्थापित पेड सिटी स्केन सुविधा का उद्घाटन एवं लोकार्पण करेंगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






