शनिवार, 17 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

विधायक गौड़ की नाराजगी पर अब निगम की निगाह टंकी पर

गोंदवाले धाम की टंकी से 15 दिन में जलप्रदाय शुरू करने के निर्देश बैठक में नहीं जाने के बाद मुद्दा उठा था तो निगम हुआ सक्रिय

नगर निगम के द्वारा गोंदवाले धाम की टंकी से अगले 15 दिन में जलप्रदाय शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इस टंकी के मामले को क्षेत्र की विधायक के द्वारा उठाए जाने के बाद इंदौर नगर निगम सक्रियता की स्थिति में आ पाया है।

गुरुवार को प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के द्वारा शहर में पानी की स्थिति पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 की विधायक मालिनी गौड़ नहीं गई थी। बाद में मीडिया में उनका बयान वायरल हुआ था कि जब कोई काम ही नहीं होता है तो ऐसी बैठक में जाने से क्या मतलब है। उन्होंने अपनी बात को विस्तार देते हुए कहा था कि गोंदवाले धाम की टंकी में बिजली का कनेक्शन करने के लिए मैं जब शिवम वर्मा नगर निगम के आयुक्त थे उस समय से कह रही हूं, लेकिन अभी तक यह काम नहीं हो सका है। ऐसी हर बैठक में मेरे द्वारा यह मामला उठाया गया, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला।

मालिनी गौड़ के इस बयान से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई थी। इसके साथ ही इस बयान को भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा था। इस मामले में कांग्रेस ने भी हमला करने में जरा सी भी देरी नहीं की। कांग्रेस की ओर से शहर की समस्या और भाजपा की गुटबाजी को सामने रखा गया।

अब इस टंकी के मामले को लेकर इंदौर नगर निगम जाग गया है। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के द्वारा कल इस टंकी के क्षेत्र का दौरा किया गया। उनके द्वारा यह दावा किया गया कि अगले 15 दिन में इस टंकी से जलप्रदाय शुरू कर दिया जाएगा। सिंघल ने गोंदवाले धाम पानी की टंकी के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने टंकी से संबंधित शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने तथा आगामी 15 दिवस के भीतर टंकी से जलप्रदाय प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक तकनीकी एवं व्यवस्थागत कार्यवाही समय पर पूर्ण करने के लिए कहा, ताकि क्षेत्रीय नागरिकों को पेयजल आपूर्ति का लाभ शीघ्र मिल सके।

अन्य स्थानों का भी दौरा

आयुक्त ने फल बाग में 30 एमएलडी क्षमता के पंप की स्थापना के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पंप स्थापना सहित उससे संबंधित शेष कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएविवि में निर्माणाधीन पानी की टंकी का भी निरीक्षण किया गया। टंकी का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने की स्थिति में है। आयुक्त ने शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में पेयजल वितरण के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टंकी एवं वितरण नेटवर्क से संबंधित सभी आवश्यक कार्य समय-सीमा में पूरे किए जाएं, जिससे टंकी के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में जलप्रदाय प्रारंभ किया जा सके।

इसके बाद आयुक्त ने आजाद नगर व नौलखा पानी की टंकी के निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को शेष कार्यों में तेजी लाकर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। नौलखा टंकी के निर्माण कार्य तथा पेयजल वितरण पाइपलाइन के कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने, कार्यों में आ रही बाधाओं का त्वरित निराकरण करने तथा पाइपलाइन सहित सभी संबंधित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना का लाभ नागरिकों को शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 17 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 4