रविवार, 18 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
देश

कांग्रेस आलाकमान का वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल के लिए पत्र

पहला चरण पूरा होने के बाद दूसरा भी अंतिम दौर में, अब तृतीय चरण होगा

कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणु गोपाल ने प्रदेश कांग्रेस के साथ सभी शहर और जिला अध्यक्षों को पत्र भेजकर निर्देशित किया कि कांग्रेस ने वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के लिए एआईसीसी पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के निर्देश दे रखे हैं। कांग्रेस का पहला चरण लोकतंत्र बचाओ सप्ताह 2 से 8 अक्टूबर तक हो चुका है। साथ ही लोकतंत्र के लिए मार्च का आयोजन भी राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में किया जा चुका है। पूर्व में आयोजनों के लिए एआईसीसी पर्यवेक्षक नियुक्त हो चुके हैं, जो प्रत्येक कार्यक्रम के लिए निगरानी कर रहे हैं। आज 18 अक्टूबर को सभी जिलों के बीसीसी अध्यक्ष और प्रभारी पीसीसी पदाधिकारियों के साथ सीधे और वर्चुअल परिचय बैठक भी की जाना है। अभियान के तीसरे चरण में हटाए गए मतदाताओं का बूथ स्तरीय सत्यापन किया जाना है। यह तृतीय चरण 25 अक्टूबर से 25 नवम्बर एक माह चलेगा। 25 अक्टूबर को मीडिया से चर्चा, 27 अक्टूबर तक जिला चौपाल के लिए प्रदेश कांग्रेस को प्रदेश नेताओं की सूची भेजना होगी और इन प्रदेश नेताओं को दो से तीन दिन में सभी ब्लॉक अध्यक्षों के साथ जिला बैठक करना होगी। साथ में सभी बीएलए की बैठक भी करना होगी, जो नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं या हेरफेर किए गए हैं उन नामों की पहचान कर बीएलए एवं वोट रक्षक के माध्यम से बूथवार सत्यापन करना होंगे। सभी बीएलए ब्लॉक कार्यालय तक हटाए गए मतदाताओं की सूची पहुंचाए, जो शहर व जिला तक पहुंचेगी और बाद में यह सूची प्रदेश में एकत्रित होकर कांग्रेस आलाकमान के पास पहुंचेगी। 1 नवम्बर को रामलीला मैदान नई दिल्ली में कांग्रेस ने महारैली रखी है, उसमें भी सभी कांग्रेसियों को बुलवाया गया है। कांग्रेस का इस तृतीय चरण के साथ चतुर्थ चरण भी शुरू हो जाएगा। एआईसीसी के निर्देश के बाद प्रदेश ने भी सारे नियम कायदे जारी किए हैं और सभी आयोजन कर उसकी रिपोर्टिंग भी प्रदेश के माध्यम से एआईसीसी को भेजना होगी यह भी निर्देशित किया गया है। कांग्रेस पूरी तरह ब्लॉक और मंडलम के साथ बूथ पर ताकत लगा रही है। कांग्रेस यही चाहती है कि जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे उनके नाम जुड़वाए जाए और बीएलए से लेकर बूथ कांग्रेस नेता लोगों को बताए कि आपके साथ गलत हुआ था।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 18 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 3