रविवार, 18 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

बालिका को धक्का देने वाले मंडल अध्यक्ष ने कहा वे दोषी नहीं

अगर दोष हो तो राजवाड़ा पर दे दो फांसी, भाजपा ने ही क्यों करवा दी कायमी, संगठन ने क्यों दे दिया नोटिस, कमल के पिता थे कांग्रेस के पार्षद और भाई कांग्रेस से भाजपा में आए

बालिका को धक्का देने वाले मंडल अध्यक्ष ने कहा वे दोषी नहीं

कनकेश्वरी देवी गरबा मंडल में भाजपा के मंडल अध्यक्ष कमलसिंह चौहान पर बालिका से अभद्र व्यवहार करने फिर धक्का देने का मुद्दा सामने आया, जो सोशल मीडिया पर जमकर चला और उसी आधार पर बताया जा रहा है कि भाजपाइयों ने ही अंगुलियां उठने के बाद जीजाबाई मंडल अध्यक्ष कमलसिंह चौहान पर हीरा नगर थाना में प्रकरण दर्ज कराया। इधर बदनामी के बाद भाजपा संगठन ने भी मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया और भाजपा कार्यालय में भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने तलब भी कर लिया। इधर जानकारों का कहना है कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष इसी विधानसभा 2 से जुड़े हुए हैं और उन्होंने भी इस मामले में कोई बयान जारी नहीं किया। बताया यह भी जा रहा है कि मंडल अध्यक्ष कमलसिंह चौहान के पिता हीरासिंह चौहान पूर्व में कांग्रेस के पार्षद रहे और कमल चौहान के भाई राजूसिंह चौहान भी पहले कांग्रेस में थे जो अब सिंधिया के साथ भाजपा में चले गए। बताया यह भी गया कि कांग्रेसियों के इस परिवार से अच्छे संबंध है इसलिए कांग्रेस चुप रही, लेकिन भाजपा ने ही प्रकरण दर्ज कराने के साथ कारण बताओ नोटिस और तलब करने का काम कर दिया। भाजपा ने नोटिस में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का हवाला भी दिया। इधर आरोप के घेरे में आए कमलसिंह चौहान का कहना रहा कि बालिका के निकट के लोग पंडाल में शराब के नशे में पहुंचे थे और उन्हें पंडाल से जाने को कहा तो वे बहस कर रहे थे उनसे बहस के दौरान बालिका बीचबचाव करने आई थी। इसी के बाद कमलसिंह चौहान ने एक बयान जारी कर कहा कि वे दोषी नहीं है, अगर वे दोषी पाए तो उन्हें राजवाड़ा पर फांसी दे दी जाए। इधर सूत्र यह भी कह रहे हैं कि कारण बताओ नोटिस और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा से कमलसिंह चौहान की मुलाकात के बाद जवाब से संगठन संतुष्ट नहीं है। संभावना यह भी है कि जवाब के बाद भाजपा से निष्कासन करने का काम भी किया जा सकता है, ऐसा जानकार बता रहे हैं। जो भी हो अभी तो चर्चित कनकेश्वरी देवी गरबा मंडल फिर से चर्चा में हैं।

बालिका को धक्का देने वाले मंडल अध्यक्ष ने कहा वे दोषी नहीं

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 18 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 3