मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के गेट पर बड़ा हादसा हुआ। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में शीतला माता मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को धान से भरे एक ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई जबकि 30 लोग घायल हो गए। घायलों में 2 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। छिनोर की तरफ से मंदिर आने वाली सड़क पर ढलान है। इस रास्ते पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। रात करीब 1:30 बजे धान से भरे एक ट्रक को वहां रोका गया था। ट्रक ने पुलिस के बैरिकेड तोड़ दिए और अचानक बेकाबू होकर ढलान से नीचे आ गया। इसके बाद वह मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया। सड़क पर मौजूद श्रद्धालु ट्रक के नीचे दब गए, जिससे यह हादसा हुआ। घायलों में कई की हालत गंभीर है, कई को फ्रैक्चर भी हो गया। हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया। किसी ने अपना भाई खो दिया तो किसी ने अपनी मां खो दी, किसी ने पिता। पीड़ितों का कहना है कि घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी की गई। उप्र के बलरामपुर में भी दुर्गा पंडाल के पास वीडियो देख रहे लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया जिससे 3 लोगों की मौत हो गई और 4 घायल हो गए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 1 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





