सोशल मीडिया पर कल वायरल हुई एक पोस्ट ने इंदौर नगर निगम को कटघरे में ला दिया। नगर निगम के द्वारा शहर में आने वाले पानी के संकट को लेकर चर्चा तो खूब की जा रही है लेकिन फैसला नहीं हो रहा है।
सोशल मीडिया पर कल यह पोस्ट जारी हो गई कि नगर निगम के द्वारा आने वाले दिनों के पानी के संकट को ध्यान में रखते हुए पानी के दुरुपयोग को रोकने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के अंतर्गत जोनल अधिकारी तन्मय सिंह चौहान के द्वारा अपने माताहत अधिकारियों के माध्यम से एक चालान बना दिया गया। इसमें संबंधित व्यक्ति नल से पाइप लगाकर अपनी कार को धो रहा था। ऐसे में नगर निगम के द्वारा संबंधित व्यक्ति का चालान बनाकर उस पर 5000 रु. का जुर्माना लगाया गया है। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर नगर निगम की कार्रवाई की सराहना की जाने लगी। सोशल मीडिया पर विभिन्न व्यक्तियों के द्वारा निगम की इस कार्रवाई को बेहतर कार्रवाई बताते हुए आने वाले दिनों के पानी के संकट को ध्यान में रखते हुए अभी से इस तरह की कार्रवाई पर जोर देने की बात कही जाने लगी। इसके साथ ही निगम को यह सुझाव भी दिया जाने लगा कि जिन लोगों के द्वारा नल में पाइप लगाकर घर के बाहर के स्थान को धोने का काम किया जाता है उनका भी चालान बनाकर उन पर भी जुर्माना लगाया जाए। जब इस तरह लगातार वायरल हो रही पोस्ट को नगर निगम के अधिकारियों ने देखा तो इन अधिकारियों ने अपना स्पष्टीकरण जारी किया। इस स्पष्टीकरण में निगम की ओर से कहा गया कि जो 5000 रु. का चालन बनाया गया है वह रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं लगाने के कारण बनाया गया है। इसमें कार को धोकर पानी को बर्बाद करने जैसा कोई कारण शामिल नहीं है। निगम का यह स्पष्टीकरण जारी होते ही सोशल मीडिया पर निगम की धुलाई शुरू हो गई। अलग-अलग लोग अलग-अलग पोस्ट करने लगे। निगम के द्वारा की गई कार्रवाई पर सवाल उठाया जाने लगा। यह पूछा जाने लगा कि जब बारिश ही नहीं हो रही है तो रेन वाटर हार्वेस्टिंग का सिस्टम लगाने के नाम पर चालान बनाने का क्या औचित्य है। इसके साथ यह सवाल भी प्रमुखता से उठा कि आने वाले दिनों में पैदा होने वाले पानी के संकट को ध्यान में रखते हुए पानी को बचाने के लिए निगम अभी क्या कर रहा है। इन सवालों का कोई जवाब नगर निगम के अधिकारियों के पास नहीं था। यही कारण है कि निगम की ओर से खामोशी साध ली गई। ऐसी स्थिति में सोशल मीडिया पर नगर निगम की धुलाई शुरू हो गई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 October 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





