इंदौर। इंदौर नगर निगम के द्वारा आजाद नगर के मीट मार्केट की 50 दुकानों को आवंटित किया जाएगा। इन दुकानों का आवंटन करने के लिए नगर निगम ने एक बार फिर मैदान संभाल लिया है। निगम के मार्केट विभाग के द्वारा आजाद नगर में दो मंजिला मीट मार्केट की खाली पड़ी दुकानों को लेने के इच्छुक लोगों को आवंटित करने के लिए पहल शुरू की गई है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस मार्केट में ग्राउंड फ्लोर पर 25 दुकान और पहली मंजिल पर 25 दुकान खाली है। इन दुकान को आवंटित करने के लिए इसके पहले नगर निगम के द्वारा जब भी कोशिश की गई तो वह कोशिश फेल रही है। ऐसी स्थिति में अब नगर निगम के द्वारा एक बार फिर नए सिरे से कोशिश की जा रही है। निगम की ओर से इन दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया को शुरू करते हुए अगले महीने तक सभी दुकानों का आवंटन कर देने का लक्ष्य रखा गया है। निगम ने मीट का व्यवसाय करने वाले लोगों से संपर्क करते हुए इन दुकानों में जाकर कारोबार करने के लिए उन्हें प्रेरित करने का काम भी किया है। निगम के द्वारा यह कोशिश की जा रही है कि इस बार के प्रयास में किसी भी तरह से यह सभी दुकान चली जाए ताकि निगम को इन दुकानों का हर महीने का किराया प्राप्त हो सके। ध्यान रहे कि लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के मकसद से नगर निगम के द्वारा स्वयं ही यह दो मंजिला मार्केट बना कर तैयार किया गया था। अब यही मार्केट निगम के गले की हड्डी बन गया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






