इंदौर। गंगवाल बस स्टैंड परिसर से यात्रा के दौरान एक महिला की सामान से भरी काले रंग की ट्रॉली बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर बैग में रखे महंगे सामान, चांदी का ब्रेसलेट, घड़ियां और नकदी समेटकर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी नंदिनी पति राजकुमार मंगल अग्रवाल, निवासी सिंधी कॉलोनी, भवानी मंडी, राजस्थान ने छत्रीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि गत 14 अक्टूबर को शाम करीब 07:33 बजे वे गंगवाल बस स्टैंड पर मौजूद थीं। इसी दौरान कोई अज्ञात बदमाश उनकी काले रंग की ट्रॉली बैग चुराकर ले गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चोरी हुए बैग में चांदी का एक ब्रेसलेट, एक जोड़ी लेंस, तीन टाइटन घड़ियां, एक जोड़ी एसिक्स जेल कयानो जूते, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, आईडी कार्ड, लगभग 2,000 रुपए नकद और कपड़े रखे हुए थे। छत्रीपुरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया है और बस स्टैंड व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोर की तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





